आर न्यूज/डेस्क : झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितता और पेपर लीक के मामलों की जांच कर रही CID ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने अलग-अलग मामलों में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े : सरायकेला के गंगूडीह में बड़ा हादसा टला, नहर में पलटा बालू लदा आयशर; ड्राइवर सुरक्षित
इनमें JPSC मामले में रांची के एक कोचिंग सेंटर का संचालक और JSSC-CGL मामले में एक कथित बिचौलिया शामिल है।
JPSC मामले में कोचिंग संचालक गिरफ्तार
CID ने JPSC पेपर लीक मामले में रांची के लालपुर स्थित शिवांगन कोचिंग सेंटर के संचालक संजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, संजीत पर अभ्यर्थियों से संपर्क कर उन्हें परीक्षा में मदद दिलाने के नाम पर एजेंट के तौर पर काम करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
JSSC-CGL मामले में दिलीप कुमार पासवान पकड़ा गया
दूसरी कार्रवाई JSSC-CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में हुई है। CID ने दिलीप कुमार पासवान को गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से बिहार के जमुई का रहने वाला बताया जा रहा है और फिलहाल पश्चिम बंगाल के आसनसोल इलाके में रह रहा था।
जांच के मुताबिक, दिलीप पर आरोप है कि उसने परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को एक होटल में ठहराया और उन्हें परीक्षा में आने वाले सवालों के जवाब रटवाए। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर दो अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनके जरिए उसे परीक्षा से जुड़े सवाल और जवाब मिलने की बात सामने आई है।
करीब एक दर्जन सफल अभ्यर्थियों से मिली जानकारी
CID की जांच में करीब एक दर्जन सफल अभ्यर्थियों से भी जानकारी जुटाई गई है। पूछताछ के दौरान दिलीप पासवान की भूमिका से जुड़े तथ्य सामने आने की बात कही गई है। एजेंसी को उसके खिलाफ पैसे की वसूली से संबंधित साक्ष्य मिलने का भी दावा किया गया है।
पेपर लीक में कई कड़ियों की तलाश
जांच में कथित पेपर लीक नेटवर्क की कई कड़ियों के सक्रिय होने की बात सामने आई है। आरोप है कि अलग-अलग चैनलों के जरिए अभ्यर्थियों तक प्रश्न और उत्तर पहुंचाए गए और इसके बदले उनसे पैसे लिए गए।
CID की जांच में पश्चिम बंगाल के नियामतपुर और पटना के बीच भी एक कनेक्शन सामने आने की बात कही गई है। इससे पहले भी इस मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और एजेंसी पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।
JPSC-JSSC मामले में बढ़ता जा रहा गिरफ्तारी का दायरा
नई गिरफ्तारियों के बाद साफ है कि CID परीक्षा अनियमितता के मामलों में केवल अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं रहकर कथित बिचौलियों, कोचिंग संचालकों और अन्य संभावित कड़ियों तक जांच पहुंचा रही है। JSSC-CGL मामले में CID की गिरफ्तारी संख्या अब 13 तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है, जबकि JPSC से जुड़े मामले में भी 20 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी की रिपोर्ट है।
जांच एजेंसी अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पेपर लीक और कथित धांधली के पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
