आर न्यूज/डेस्क :जमशेदपुर की बागबेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हथियार के साथ घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 वर्षीय अनूप चक्रवर्ती उर्फ अनूप बंगाली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
यह भी पढ़े : जमशेदपुर में दोस्तों के बीच विवाद के बाद फायरिंग, युवक के हाथ में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र के वायरलेस मैदान के पास एक व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से लोहे का एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस के अनुसार अनूप चक्रवर्ती के खिलाफ बागबेड़ा, जुगसलाई, चांडिल, सरायकेला और पुरुलिया समेत अलग-अलग थाना क्षेत्रों और रेलवे से जुड़े कुल 17 पुराने आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के मामले शामिल बताए गए हैं।
फिलहाल बागबेड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी हथियार लेकर वायरलेस मैदान के आसपास क्यों घूम रहा था और बरामद हथियार कहां से लाया गया था।
