आर न्यूज/डेस्क : सातबोहनी के जुलुमटांड़ इलाके में सोमवार देर शाम हुई घटना। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर ली है और उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
आदित्यपुर के सातबोहनी स्थित जुलुमटांड़ इलाके में सोमवार देर शाम एक पूजा पंडाल के पास गोली लगने से 26 वर्षीय सोनू कुमार की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सोनू को टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के वक्त दोस्त के साथ जा रहे थे सोनू
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के मुताबिक, सोनू अपने एक दोस्त के साथ जा रहे थे। इसी दौरान हथियार से गोली चली। सोनू के दोस्त पर फायरिंग का आरोप है। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर ली है। वह घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गोली चलने की वजह की जांच जारी
मिली जानकारी के मुताबिक, घटनास्थल के पास जुआ खेला जा रहा था। आशंका है कि किसी बात पर विवाद के दौरान गोली चली। पुलिस गोली चलने की वजह की जांच कर रही है।
