आर न्यूज/डेस्क : जिले के राजनगर प्रखंड क्षेत्र के बहराईसाई में सोमवार को एक जोरदार सड़क हादसा हो गया। हादसे में बुद्धिजीवी मंच के जिला अध्यक्ष दुर्गाचरण मुर्मू की ब्रेजा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान कार में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह भी पढ़े : Giridih News: पत्थर खनन और ब्लास्टिंग के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध, DC से नियमों की जांच और कार्रवाई की मांग
जानकारी के अनुसार, दुर्गाचरण मुर्मू बहराईसाई में आयोजित संथाली टैलेंट क्वेस्ट कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी ब्रेजा कार सड़क किनारे खड़ी थी। बताया जा रहा है कि टाटानगर से चाईबासा की ओर जा रही काले रंग की स्कॉर्पियो कार (JH-05-AE-0909) ने अचानक खड़ी ब्रेजा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार और टक्कर इतनी तेज थी कि ब्रेजा कार के पिछले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, ब्रेजा में सवार लोगों के सुरक्षित होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
चालक ने बताई झपकी आने की वजह
स्कॉर्पियो चालक के अनुसार, वह शुगर का मरीज है। वाहन चलाने के दौरान अचानक उसे झपकी आ गई, जिसके कारण स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी ब्रेजा कार से जा टकराई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों वाहनों की स्थिति और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पीड़ित पक्ष की ओर से दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई ब्रेजा कार के नुकसान के एवज में उचित मुआवजे की मांग की गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे में किसी के घायल नहीं होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
